December 10, 2007

प्राचीन भारत में वर्णव्यवस्था और भाषा

अध्‍ययन कक्ष
  • राजूरंजन प्रसाद


प्राचीन भारतीय समाज में वर्णों के आधार पर भाषा-विधान प्रसिद्ध है। प्राचीन भारतीय साहित्य के अध्ययन से निश्चित पता लगता है कि जातियों के अनुसार भाषा-विधान तथा व्यवहार प्रचलित था। शायद इसलिए शताब्दियों तक साहित्य में प्राकृत को मान्यता नहीं मिल सकी और उसका तिरस्कार होता रहा।


भाषा के बारे में मार्क्सवादी चिंतन यह है कि 'इसका निर्माण पूरे समाज के हितसाधन के लिए लोगों के पारस्परिक सम्पर्क-सूत्र के रूप में समाज के सभी सदस्यों के लिए हुआ है। पूरे समाज की एक भाषा होती है जो समाज के हर सदस्य का हितसाधन बिना उसकी वर्गीय स्थिति को ध्यान में रखे हुए करती है`।१ किंतु प्राचीन भारतीय समाज में वर्णों के आधार पर भाषा-विधान प्रसिद्ध है।२ प्राचीन भारतीय साहित्य के अध्ययन से निश्चित पता लगता है कि जातियों के अनुसार भाषा-विधान तथा व्यवहार प्रचलित था।३ शायद इसलिए शताब्दियों तक साहित्य में प्राकृत को मान्यता नहीं मिल सकी और उसका तिरस्कार होता रहा।

प्राचीन भारतीय समाज में ब्राह्मण अथवा श्रेष्ठ लोग संस्कृत बोलते थे जबकि अन्य लोग प्राकृत। मार्कण्डेय के ग्रंथ में कोहल४ का मत है कि यह प्राकृत राक्षसों, भिक्षुओं, क्षपणकों, दासों आदि द्वारा बोली जाती है। 'भरत` और 'साहित्य-दर्पण` में बताया गया है कि राजाओं के अंत:पुर में रहनेवाले आदमियों द्वारा मागधी व्यवहार में लाई जाती है। 'दशरूप` का भी यही मत है। 'साहित्यदर्पण` के अनुसार मागधी नपुंसकों, किरातों, बौनों, म्लेच्छों, आभीरों, शकारों, कुबड़ों आदि द्वारा बोली जाती है। 'भरत` तक में बताया गया है कि मागधी नपुंसकों , स्नातकों और प्रतिहारियों५ द्वारा बोली जाती है। 'दशरूप` में लिखा गया है कि पिशाच और नीच जातियां मागधी बोलती हैं और 'सरस्वतीकण्ठाभरण` का मत है कि नीच स्थिति के लोग मागधी प्राकृत काम में लाते हैं। 'मृच्छकटिक` में शकार, उसका सेवक स्थावरक, मालिश करनेवाला जो बाद में भिक्षु बन जाता है; वसन्तसेना का नौकर कुंभीलक वर्द्धमानक जो चारुदत्त का सेवक है, दोनों चाण्डाल, रोहसेन और चारुदत्त६ का छोटा लड़का मागधी में बात करते हैं। शकुन्तला नाटक में पृष्ठ ११३ और उसके बाद, दोनों प्रहरी और घीवर, पृष्ठ १५४ और उसके बाद शकुन्तला का छोटा बेटा 'सर्वदमन` इस प्राकृत में वार्तालाप करते हैं। 'प्रबोधचन्द्रोदय` के पेज २८ से ३२ के भीतर चार्वाक का चेला और उड़ीसा से आया हुआ दूत, पृष्ठ ४६ से ६४ के भीतर दिगम्बर जैन मागधी बोलते हैं। 'मृच्छकटिक` के पृष्ठ २९ से ३९ तक में जुआ-घर का मालिक और उसके साथ जुआरी जिस बोली में बातचीत करते हैं वह ढक्की७ है।

कहना होगा कि प्राकृत केवल जैन या बौद्ध सम्प्रदाय (पालि के रूप में) की भाषा नहीं थी वरन् भील, कोल, शबर, दस्यु, चाण्डाल आदि तक में यह भाषा बोली जाती थी। आचार्य अभिनवगुप्त ने इसे अव्युत्पन्न (अनगढ़, ग्राम्य) जनभाषा कहा है।८ संस्कृत चूंकि शिष्ट लोगों की भाषा थी इसलिए इसे श्रेष्ठ आसन प्रदान किया गया। अकारण नहीं है कि कई विद्वान प्राकृतों को कृत्रिम कहते हैं और संस्कृत को इसका मूल बताते हैं। इसके प्रमाण में मार्कण्डेय, चण्ड तथा हेमचन्द्र आदि की 'प्रकृति : संस्कृतम` वाली उक्ति उद्धृत की जाती हैं९ किंतु आज प्राकृत का मूल संस्कृत को बताना संभव नहीं है और भ्रमपूर्ण है।१०

संस्कृत के वैयाकरणों ने शब्दकोशों की भी रचना की है इसलिए व्याकरण ग्रंथों की भांति शब्दकोश भी लीक पीटते नजर आते हैं। उदाहरण के लिए अपभ्रंश शब्द के लिए व्याकरण का सबसे पहला प्रयोग है-'अपशब्द`। अमरकोश, विश्वप्रकाश, मेदिनि, अनेकार्थसंग्रह, विश्वलोचन, शब्दरत्नसमन्वय तथा शब्दकल्पद्रुम आदि कोशों में अपभं्रश का अर्थ 'अपशब्द` एवं 'भाषा विशेष` भी मिलता है। मेदिनि तथा अन्य कोशों में भी दोनों अर्थ मिलते हैं, पर अमरकोश में केवल अपशब्द अर्थ है।११ संस्कृत व्याकरणशा के प्राचीन आचार्य व्याडि का मत उद्धृत करते हुए भर्तृहरि ने कहा है कि 'शब्द संस्कार से हीन शब्दों का नाम अपभ्रंश है।`१२ वैयाकरण इस तथ्य से अपरिचित न थे कि भाषा का स्वभाव ही अपभंरश है।१३ पर वे 'साधु भाषा` के पक्षपाती थे। जो शब्द शिष्टजनों के द्वारा व्यवहृत नहीं होता वह अवाचक है तथा ऐसे ही अवाचक शब्द जब प्रसिद्ध हो जाते हैं तब वे अपभ्रंश बन जाते हैं।१४ स्प ट है कि शि टाजनों के द्वारा प्रयुक्त न होने से तथा संस्कारहीन होने से अव्यवहारणीय शब्दावली को अपभंरश कहते हैं।१४ महाभाष्य में अपभ्रंश का उल्लेख तीन स्थलों पर तथा अपशब्द का प्रयोग कई बार हुआ है। महर्षि पतंजलि का अपशब्द से अभिप्राय व्याकरण के नियमों से पतित शब्द से है। प्राय: 'म्लेच्छ` लोग अपशब्दों का व्यवहार करते हैं इसलिए ब्राह्मणों को अपशब्दों का प्रयोग नहीं करना चाहिए।१५ महाभाष्य के अध्ययन से पता लगता है कि उस समय म्लेच्छ आदि आर्येतर जातियां तथा निम्न श्रेणी की जातियां शब्दों को 'बिगाड़कर` सहज प्रवृत्ति के अनुसार उनका उच्चारण करती थीं। शिष्ट भाषा के आग्रही वैयाकरणों ने जब देखा होगा कि नीची जातियां भी एक शब्द के लिए कई अप्रसिद्ध तथा शब्दानुशासन से हीन शब्दों का व्यवहार करती हैं तो उसे आर्य जाति और भाषा से गिरा हुआ, अपभ्रष्ट तथा अपभंरश कहा होगा। वैयाकरण यह भलीभांति जानते थे कि समाज में अपशब्दों का चलन अधिक है और शब्दों का व्यवहार कम है। पतंजलि हमें स्पष्ट बताते हैं कि प्रत्येक शब्द के कई अशुद्ध रूप होते हैं। इन्हें उसने अपभ्रंश कहा है। उदाहरणार्थ-उसने गौ शब्द दिया है जिसके अपभ्रंश रूप गावी, गोणी, गोता और गोपातालिका दिये हैं ।१६ जहां वैयाकरण शिष्टों के प्रयोग से हीन भाषा को अपभ्रंश कहते हैं वहीं साहित्यशाई अश्लील तथा ग्राम्यपदों को सदोष मानते हैं और काव्य में उनका निषेध करते हैं। स्पष्ट ही निम्न वर्ग के लोगों के शब्द प्रयोग सुनने में बुरे लगते हैं और संभवत: इसीलिए वे काव्य में अनुचित माने जाते हैं। भोज ने भी कहा है कि लोक को छोड़कर और कहीं ग्राम्य प्रयोग नहीं चलते। अश्लील, अमंगल और घृणासूचक शब्द को ग्राम्य कहते हैं।१७
ग्राम्य भाषा के प्रति शिष्टजनों की जो घृणा है उसे शूद्र शब्द के व्युत्पत्यर्थ निकालने के जो प्रयास हुए हैं, उससे समझा जा सकता है। सबसे पहले वेदांत सूत्र में बादरायण ने इस दिशा में प्रयास किया था। इसमें शूद्र शब्द को दो भागों में विभक्त कर दिया गया है-'शुक्` (शोक) और 'द्र` जो 'द्रु` धातु से बना है और जिसका अर्थ है दौड़ना।१८ इसकी टीका करते हुए शंकर ने इस बात की तीन वैकल्पिक व्याख्याएं की हैं। पाणिनि के व्याकरण में उणादिसूत्र के लेखक ने भी इस शब्द की कुछ ऐसी ही व्युत्पत्ति की है। ब्राह्मणों द्वारा प्रस्तुत व्युत्पत्ति में शूद्रों की दयनीय अवस्था का चित्रण किया गया है और उसे 'पतित` बताया गया है। मनुष्यों में शूद्र एवं भाषाओं में अपभ्रंश समान रूप से घृणित हैं। प्राचीन भारतीय समाज में शूद्रों के प्रति घृणा की चरम अभिव्यक्ति मनुस्मृति में मिली। हालांकि शूद्रों की सामाजिक स्थिति के बारे में मनु के नियम बहुत हद तक पुराने निर्माताओं के विचारों की पुररुक्ति लगते हैं ।१९ कुछ नये नियम भी बनाये हैं। उन्होंने सृष्टि रचना की पुरानी कथा दुहराई है, जिसमें शूद्र का स्थान सबसे नीचे है।२० मनु ने चारों वर्णों के प्रति किये जानेवाले अभिवादन की रीति की निर्धारक विधियों को भी दुहराया है।२१ किंतु उन्होंने यह भी बताया है कि जो ब्राह्मण सही ढंग से अभिवादन का उत्तर नहीं दे उसे विद्वत्जन कभी अभिवादन नहीं करें , क्योंकि वह शूद्र के समान है।२२ पतंजलि बताते हैं कि अभिवादन का उत्तर देने में शूद्रों के संबोधन का ढंग गैर शूद्रों से भिन्न था। शूद्रों को संबोधित करने का स्वर तेज नहीं होना चाहिए। यदि कोई शूद्रों (और अक्सर वैश्यों के लिए भी) अपने मालिक की तरफ आंख उठाकर देख लेता था या उसके सामने अपमानजनक तरीके से कुछ कह देता था, तो इस अपराध के लिए भारी दंड का प्रावधान था। अधीनता से इनकार करना, उस समय सबसे ज्यादा असह्य था। कुछ स्मृतियों में तो शूद्रों द्वारा अपने मालिकों के प्रति उपयोग में लाये जानेवाले आदरसूचक शब्दों तक का प्रावधान कर दिया गया था ताकि भाषा के माध्यम से उनके भीतर नीचता की आत्मस्वीकृति का संस्कार पैदा किया जा सके।२३ यदि शूद्र अपने मालिक के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग करे तो उसकी जीभ काट लेने तक की सजा दी जा सकती थी। शूद्रों को द्वेषी, हिंसक, आत्मप्रशंसक, तुनकमिजाज, असत्यभाषी, अतिलालची, कृतघ्न, विपथगामी, आलसी, प्रमादी और अशुद्ध बतलाया गया है।२४ अछूतों और चांडालों को विशेष तौर पर अशुद्ध, अविश्वासी, असत्यभाषी, चोर, दया के पात्र, क्रोधी और लालची बताया गया है। उन्हें निरर्थक झगड़े-फसादों में लगे रहने वाला बताया गया है।२५ मनु के अनुसार, यदि शूद्र जान बूझकर वेदपाठ सुनता है तो उसके कानों को पिघले हुए सीसे अथवा लाख से भर दिया जायेगा। यदि वह वैदिक मंत्रों का पाठ करता है तो उसकी जीभ काट डाली जायेगी। यदि वह इन मंत्रों को कंठस्थ करता है तो उसके शरीर को बीच से चीर दिया जायेगा। यदि वह बैठने, सोने, बातचीत करने अथवा सड़क पर टहलने में द्विजों की बराबरी करता है तो उसे शारीरिक दंड दिया जायेगा।२६

धर्मसूत्रों में वर्ण के अनुसार वंदना और अभिवादन के जो स्वरूप निर्धारित किये गये हैं, उनसे प्रकट होता है कि समाज में शूद्र कितने पराधीन थे। आपस्तंब में बताया गया है कि ब्राह्मण अपनी दाहिनी बांह को अपने कान के समानांतर, क्षत्रिय उसे अपनी छाती के स्तर तक, वैश्य अपनी कमर तक, और शूद्र उसे अपने पांव की सीध में रखकर अभिवादन करे।२७ विभिन्न वर्णों के लोगों के कुशल-क्षेम और स्वास्थ्य के संबंध में जिज्ञासा करने के लिए भिन्न-भिन्न शब्द विहित किये गये हैं।२८ क्षत्रिय के स्वास्थ्य की जिज्ञासा के लिए 'अमानय` और शूद्र के लिए 'आरोग्य।`२९ यह भी बताया गया है कि किसी क्षत्रिय अथवा वैश्य का अभिवादन करने में लोगों को केवल सर्वनाम का प्रयोग करना चाहिए, न कि उसके नाम का।३० इसका अर्थ हुआ कि मात्र शूद्र को उसके नाम से संबोधित किया जा सकता था। इस संबोधन की दृष्टि से द्विज वर्गों की स्थिति बहुत अच्छी थी। प्राचीन पालि ग्रंथों में निम्न वर्गों के लोगों ने किसी क्षत्रिय को उसके नाम से या उत्तम पुरूष में संबोधित नहीं किया है।३१ राजा उदय को गंगमाल हजाम पारिवारिक नाम से संबोधित करता है, इसपर उसकी मां बड़े रोष के साथ कहती है, इस नीच नापितपुत्र को इतना भी ज्ञान नहीं है कि वह मेरे बेटे को, जो पृथ्वी का मालिक है और क्षत्रिय जाति का है, ब्रह्मदत्त कहकर पुकारता है।३२
मनु ने बच्चों के नामकरण संस्कार में भी वर्ण विभेद किया है३३ जिससे स्वभावतया शूद्रों की हीनता झलकती है। उनका मत है कि ब्राह्मण का नाम मंगलसूचक, क्षत्रिय का नाम बलसूचक, वैश्य का नाम धनसूचक और शूद्रों का नाम निंदासूचक होना चहिए। इसी के अनुपूरक के तौर पर उन्होंने बताया है कि चारों वर्णों की उपाधि क्रमश: सुखवाचक (शर्मा) सुरक्षावाचक (वर्मा) समुन्नतिवाचक (भूति) और सेवावाचक (दास) होनी चाहिए।३४ कुल्लूक ने टीका की है कि ये उपाधियां क्रमश: शर्मन, वर्मन, भूति और दास होनी चाहिए। इसके प्रमाण नहीं मिलते कि यह परिपाटी व्यापक रूप से प्रचलित थी, किंतु नामों के संबंध में मनु के नियमों से जान पड़ता है कि नीच वर्ण के लोग ब्राह्मणकालीन समाज में घृणा के पात्र थे। इस प्रकार शूद्र के लिए प्रयुक्त 'वृषल` शब्द अपमानजनक माना जाता था। पाणिनि के समास संबंधी नियम का उदाहरण देते हुए पतंजलि ने बतया है कि 'दासी के सदृश (दास्या: सदृश:)` और 'वृषली के सदृश (वृषल्या: सदृश)` पद गाली हंै।४० वृषल को चोर की कोटि में रखा गया था और ब्राह्मण प्रधान समाज वैरभाव रखता था।३६ यह भी जानकारी मिलती है कि वृषल, दस्यु और चोर घृणा के पात्र समझे जाते थे।३७

संक्षेप में कहा जा सकता है कि प्राचीन भारत में वैयाकरणों, कोशकारों एवं साहित्यालोचकों का भाषा चिंतन वर्णभेद के नियमों का शिकार है। प्राकृतों के प्रति घृणा शूद्रों के प्रति ब्राह्मणों की घृणा से समझ में आ सकती है। इस दृष्टि से प्राचीन भारतीय भाषा चिंतन देखा जा सकता है; एक सही तस्वीर के लिए।


संदर्भ

१. जोसेफ स्तालिन, मार्क्सवाद और भाषाविज्ञान की समस्याएं, परिकल्पना प्रकाशन, द्वितीय (संशोधित) हिंदी संस्करण, लखनऊ, २००२, पृ.-१३
२. डॉ. देवेन्द्रकुमार शाई, भूविसयत्तकहा तथा अपभ्रंश कथाकाव्य, भारतीय ज्ञानपीठ, दिल्ली, १९७०, पृ.-१८
३. वही
४. 'राक्षसभिक्षुक्षपणकचेटादया मागधी प्राहु:` इति कोहल:।
५. औपस्थायिक (भरत नाट्यशा) निमुण्डा: का क्या अर्थ है, यह अस्पष्ट है।
६. यह बात स्टेंव्सलर की भूमिका के पृ.-५ और गौडबोले के ग्रंथ पृ. ४९३ में पृथ्वीधर ने बताई है। इन संस्करणों में वह शौरसेनी बोलता है; किंतु हस्तलिखित प्रतियों में इन स्थानों में सर्वत्र मगधी का प्रयोग किया गया है। देखें, आर. पिशल, प्राकृत भाषाओं का व्याकरण, हिंदी अनुवाद, पृ.-४६.
७. 'पृथ्वीधर` का मत है कि शाकारी, चाण्डाली और शाबरी के साथ-साथ ढक्की भी अपभंरश की बोलियों में से एक है।
८. प्राकृतमिति केचित्। नाट्यशा की विवृति, अभिनवगुप्त।
९. प्रकृति: संस्कृतम्। तत्र भवं प्राकृतम् उच्यते।-मार्कण्डेय: प्राकृतसर्वस्व, प्रकृते:१,१ संस्कृताद् आगतं प्राकृतम्। -वाग्भटालंकार की सिंहदेवगणिन् कृत टीका, २,२,. प्रकृतेरागतं प्राकृतम्। प्रकृति: संस्कृतम्।- धनिक: दशरूपक की टीका, २,९०, प्रकृति: संस्कृतम्। तत्र भवत्वात् प्राकृतं स्मृतम्। प्राकृतचन्द्रिका, पीटर्सन की तीसरी रिपोर्ट से। प्रकृत्ते: संस्कृतायास्तु विकृति: प्राकृती मता। -नरसिंह : प्राकृतशब्दप्रदीपिका। प्रकृति: संस्कृतम्। तत्र भवं तत आगतं वा प्राकृतम्।-हेमेचन्द्र: सिद्धहेमशब्दानुशासन, १,१. प्राकृतस्य तु सर्वम् एव संस्कृतम् योनि:। -कर्पूरमंजरी, वासुदेव कृत संजीविनी टीका। सिद्धं प्राकृतं त्रेघा। सिद्धं प्रसिद्धं प्राकृतं त्रेधा भवति। संस्कृतं योनि:। तच्चेदं-मात्रा, मत्ता। नित्यं, णिच्यं इत्यादि।-चण्ड; प्राकृतप्रकाश, सटिप्पण हस्तलिखित ग्रंथ से।
१०. इस विषय पर विस्तृत अध्ययन के लिए देखें प्राकृत भाषाओं का व्याकारण।
११. एम.एस. कत्रे, प्राकृत लैंग्वेज एंड देयर कंट्रिव्यूशन टु इंडियन कल्चर पृ-२२
१२. शब्द: संस्कारहीनो यो गौरिति प्रयुयुक्षिते। तमपभ्रशंमिच्छन्ति विशिष्टार्थ निवेशिनम्।- वाक्यपदीय, ब्रह्मकांड, १४८.
१३. डा. देवेन्द्रकुमार शासी, पूर्वोद्धृत, पृ.-१६.
१४. पारम्पर्यादपभ्रंशा विगुणेष्वमिधातृषु। प्रसिद्धिमागता येषु तेषां साधुरवाचक:।।- वही, १५४.
१५. ते%सुए हेलयो हेलय इति कुर्वन्त: पराबभूवु:। तस्माद् ब्राह्मणेन न म्लेच्छित वै नापभाषित वै, म्लेच्छो ह वा एष यदपशब्द:। -महाभाष्य। अपशब्दत्वं व्याकरणानुगतशब्दस्येषद्भ्रंशन एव प्रसिद्धिमिति भाव:। वही.
१६. भूयांसो%पशब्दा:, अल्पीयांस: शब्दा इति। एकैकस्य ही शब्दस्य बहवोपभ्रंशा:। तद्यथा गौरित्यस्य शब्दस्य गावी गौणी गोता गोपोतलिकेत्यादयो बहवो%पभ्रंशा:।
१७. अश्लीलामङगलघृणावदर्थ ग्राम्यमुच्यते।- सरस्वतीकण्ठाभरण,१, १४४
१८. वेदांत सूत्र, १.३.३४ 'शुगस्य तदनादर श्रवणात तदाद्रवणत्: सूच्यते।`
१९. रामशरण शर्मा, शूद्रों का प्राचीन इतिहास, राजकमल प्रकाशन, दिल्ली, १९९५, पृष्‍ठ.४८, पाद टिप्पणी संख्या-२०८
२०. मनुस्मृति, १.३१.
२१. वही, ११.१२७.
२२. वही, ११.१२६.
२३. भगवतशरण उपाध्याय, खून के छींटे इतिहास के पन्नों पर, पीपुल्स पब्लिशिंग हाउस, नई दिल्ली, पृ.-११६.
२४. एस. जी. सरदेसाई, प्राचीन भारत में प्रगति एवं रूढ़ि, पीपुल्स पब्लिशिंग हाउस, जयपुर, १९८८, पृ.-७२
२५. वही.
२६. मनुस्मृति, १२.४-७; देखें प्राचीन भारत में प्रगति एवं रूढ़ि, पृ.-२१३
२७. आपस्तंब धर्मसूत्र, १.४.१४. २६-२९; गौतम धर्मसूत्र, अ ४१-४२,
२८. यह परंपरा आधुनिक काल में भी देखी गई। स्वामी सहजानंद सरस्वती ने जैसा कि लिखा है, 'ब्राह्मण ही परस्पर एक दूसरे को नमस्कार करते हैं और दूसरे लोग प्रणाम ही करते हैं, परंतु यदि अन्य जाति नमस्कार शब्द का प्रयोग कर देवे तो दंगा मच जावे। हालांकि दोनों के अर्थ में कुछ भी भेद नहीं है। परंतु सांकेतिक भेद मान लिया गया है।` ब्रह्मर्षि वंश विस्तर, भूमिका से, पृ.-१९; 'भो` शब्द का प्रयोग राजन्यम या वैश्य के संबोधन में किया जाता था, शूद्र के संबोधन में नहीं। (भो राजन्यविशां वा) पतंजलि ऑन पाणिनीज ग्रामर अपपप.२.८२-८३
२९. आपस्तंब धर्मसूत्र, १.४.१४. २६-२९; गौतम धर्मसूत्र, अ ४१-४२.
३०. आपस्तंब धर्मसूत्र, १.४.१४.२३, 'सर्वनाम्ना यियो राजन्यवैश्यो च न नाम्ना।`
३१. फिक, दि सोशल ऑर्गेनारइजेशन ऑफ नार्थ इस्टर्न इंडिया, पृ.-८३
३२. जातक, पपप पृ.-४५२
३३. मनुस्मृति, पप ३१. 'शूद्रस्य तु जुगुण्सितम्।` देखें लेव तॉलस्तॉय, पुनरूत्थान, हिंदी अनुवाद, प्रगति प्रकाशन, मास्को, १९७७, पृ.-१४-१५ 'दोनों बहिनें उसे कात्यूशा कहकर बुलातीं। यह नाम इतना परिष्कृत नहीं था जितना कि कातेन्का, पर साथ ही इतना भद्दा भी नहीं था जितना कात्का`। और देखें, सूर्यकांत त्रिपाठी निराला, बिल्लेसुर बकरिहा, पृ.-१ 'बिल्लेमुर`- नाम का शुद्ध रूप बड़े पते से मालूम हुआ- 'बिल्वेश्वर` है। और देखें पंकज कुमार चौधरी की कविता 'श्राद्ध का भोज` जिसमें गांव के सवर्णों एवं अवर्णों के लिए अलग-अलग संबोधनों का प्रयोग है। गांव के सर्वण अरविंद के लिए 'अरविंद बाबू` और 'राजा भाई जी` जैसे संबोधनों का प्रयोग है। जबकि अवर्ण पात्रों के नाम 'अकलूआ`, 'चटूआ`, 'बिसेसरा` आदि हैं। भोज में सामग्री परोसने वाला एक ही व्यक्ति अरविंद बाबू से पूछता है तो 'सब्जी` का उच्चारण करता है जबकि अकलुआ, चटूआ और बिसेसरा से पूछते हुए 'तरकारी` शब्द का प्रयोग करता है।
३४. मनुस्मृति, ११.३२. मध्यकाल में भक्ति मार्ग के अधिकतर कवि, जो समाज के निचले तबके का प्रतिनिधित्व करते थे, अपने नाम के अन्त में दास लगाते थे। (मनुस्मृति, ११.३२ का संदर्भ देखें।) 'शर्मवद्ब्राह्मणस्य स्याद्राज्ञो रक्षासमन्वितम वैश्यस्यपुष्टिसंयुक्तं शूद्रस्य प्रेष्यसंयुक्तम्।
३५. पतंजलि ऑन पाणिनीज ग्रामर, अप २.११
३६. वही, 2 .२.११ और 3 . २.१२७.
३७. वही, . ३.३६.


राजू रंजन प्रसाद युवा इतिहासकार व शोधकर्ता हैं।

चार मैथिली कविताएं

अनुवाद कवि स्वयं



  • जीवकांत


सूखे पत्ते ढेर में

आप चुनकर आए ऊपर आ गए
जमा करने लगे हथियार
अपने से फुर्सत नहीं पा रहे आप
नीचे आप नहीं उतर रहे कि उन लोगों से पूछें
जो खेतों के बीच
फूस के झोपड़ों के बीच छूट गए हैं

आपके क्षेत्र में मतदाता हैं
वे फूलों का हार नहीं बना रहे
वे इकट्ठे कर रहे हथियार
बम बना-बनाकर जमा करते हैं
सड़कों में फिट कर रखे विस्फोटक

प्रजातंत्र में एक लकीर खिंच गई
सत्तासीन एक तरफ/दूसरी ओर दीन-दुखियार
दोनों तरफ होड़ हथियारों की
बांटना था अन्न/पानी बांटना था
एक अवसर अभी बचा है
जाओ तो वहां दिन में जाओ
हथियार पीछे छोड़ते जाओ/पुल बनाकर जाओ
सड़क बनाकर जाओ
अस्पताल का उद्घाटन करने जाओ

जा रहे हो तो एक पुस्तकालय ले जाओ
खेती की मशीनें लेकर जाओ
कुएं लेकर जाओ/गन्ने पेरने की मिल बैठाने जाओ
साथ में दस शिक्षक लेकर जाओ
सभी प्रकार की मशीनें चलाने के लिए
एक वर्क शॉप बिठाने जाओ

एक अवसर अंतिम है
वे अंतिम सड़क पर फिट करने वाले हैं विस्फोटक
वे प्रत्येक आगंतुक के लिए तैयार रखते हैं
एक जिन्दा कारतूस
वे प्रजातंत्र को आग में चढ़ाएंगे
आग के लिए जमा कर रखा है वहां
सूखे पत्तों का ढेर



नकली

गांवों के लिए कोई बजट नहीं
खेत में उगते अनाज की कीमत नहीं
बड़े कारखानों में बनता गुणवत् माल
मनोहारी पैकिंग
ललचानेवाले विज्ञापन गांव के लिए नहीं

नकली सामान बना रहे लोग
अंधेरे गोदामों में
नकली स्टाम्प पेपर/नकली नोट
नकली दवाएं
नकली पैकिंग और नकली 'रैपर`
ठेलते रहते देहातों में

देहात का पब्लिक स्कूल
अथवा सरकारी पाठशाला सारे नकली
गेस पेपर नकली छपता है
डाक्टर वहां झोला छाप
जहर मिलावटी

देहात की ओर पलटकर नहीं देखता
कपड़ा असली
सिमेंट असली


अग्नि-प्रलय

भादों की बरखा
हर जगह समान दिखती है भिंगोती हुई
आसिन में खेतों में फट आती हैं दरारें
धान के पौधे मुरझाते हैं
मुदा जलधर ताल और झील
अथवा गड्ढे, चहबच्चे
इकट्ठा रख लेते हैं, पानी
पहले साझा होते थे पोखरे और कुएं
आज की लंबी-चौड़ी झीलें
खुदसर कुओं में तब्दील कर ली गई हैं
किधर जा रहा प्रजातंत्र
भ्रष्टाचार और देश-सेवा में किस जगह
कितना अंतर छूट रहा है

बोलो, गिनने के लिए कितना पैसा चाहिए
चोरी-चोरी रखने के लिए चाहिए कितना बड़ा गोदाम
पैसे को फूस के ढेर की तरह उठाते हो
यह आदमी के खिलाफ है
यह है गंगा की धारा और पीपल वृक्ष के विरूद्ध
संगीन कार्रवाई
पीपल वृक्ष बोलता है उसे कौन सुनता है
एशिया और अफ्रीका में मारी गइंर्-गिद्धों की प्रजातियां
वह आंख किसे है
कौन खोलेगा मुंह और विरोध करेगा

रूपयों के ढेर पर बैठा आदमी
हो जाता है अंधा
कहते हैं उल्लू को नहीं दीखता दिन में
नया उल्लू बढ़ा है तादाद में
उसे रात में भी नहीं सूझता
मारा जाएगा जीवन का बीज
प्राण धारण के विरूद्ध है यह विकास
सारा वाणिज्य
चाट-पोंछकर रख देगा
उत्तरी ध्रुव से लगाकर दक्षिणी धु्रव को

आग पकड़ती है जंगल को
वनस्पति के सूखे पत्ते धू-धूकर जलते हैं
साथ में हरे पत्ते लपट पकड़ लेते हैं
घास राख में बदलती है
बड़े पेड़ भी धुंधुआते हैं सात दिनों तक

आखिर यह जमाखोरी
मृत्यु के सौदे में कल्पित हो गई
विकास के तेज वाहन ने पकड़ ली है गति
कौन रोकेगा, बोलो?
इस अग्नि-प्रलय को कौन दबाएगा?
भोगेगा, भोगेगा, निश्चय ही भोगेगा....


शहर में

शहर में उड़ती है गर्द-गुबार
साफ-साफ दिखता नहीं
कौन है जो तेजी से आ रहा है
सड़कें बिकने लगती हैं
खरीदार आते ही आधा शहर बिक जाता है
एक रात में

जो देखता है
देखता-ही-देखता रह जाता है
पुराने हिस्से शहर के
भूतनाथ के डेरे में तब्दील होते हैं
दिन में भी डरावने

जो कुछ करने का माद्दा रखता है
कर जाता है बहुत सारा महज साल भर में
उठा देता है गगनचुंबी निर्माण
बरसने लगती है लक्ष्मी/तो अम्बार लग जाता है

वह कब्जे में लेना चाहता है धरती
देशों और महादेशों में फैला देता है कारोबार
उसका विज्ञापन टी.वी. की ट्यूब पर
पानी की लहरों जैसा तैरता है
लहरें आती हैं जाती हैं/अधिकतर झिलमिलाती हैं

शहर रोज बिकता है
बेचकर जो निकल गया
वह आसिन के बादल की तरह
खो जाता है शून्य में

शहर किसी की बपौती संपत्ति नहीं है
दिन-रात खरीद-बिक्री
घाटा-मुनाफा/मिनट-मिनट में तेजी-मंदी

पुराने लोक-व्यवहार बदल जाते हैं
पुराने अखबार रद्दी के भाव बिकते हैं
किसी के आगे कोई पिछली बात
उठाना बकवास है
बेकार हो जाते हैं/पुराने संस्कार
कपड़े पहनने का पुराना तरीका हास्यास्पद
पुराने विधि-व्यवहार/पुराने लोकाचार
संस्कृति और धार्मिक कर्मकाण्ड
बासी और तेबासी होकर फेंके जा रहे

आलोचनात्मक हस्तक्षेप की आवश्यकता

विकल्‍प की तलाश में


  • राजकुमार राकेश

खुद को हताशाओं के समंदर में डूबो देने की बजाए जीवन को सक्रियता और उसके प्रयोगात्मक फॉर्मों को अपनाने के लिए आगे अनवरत अल्पसंख्यक होते फार्म लेखकों को सीधे आलोचनात्मक हस्तक्षेप की तरफ खींच रहे हैं। अरुंधति की सामाजिक व लेखकीय सक्रियता एक उदाहरण है। यह किसी भी कविताई या औपन्यासिक फार्म से कमतर नहीं आंकी जा सकती।


वर्षों से मैं जार्ज आर्वेल के 'एनीमल फार्म` की तरह का कोई उपन्यास लिख डालने की कोशिश में हूं जिसने अपने समकालीन वक्त में इस उपग्रह पर उभरती किसी अराजक व्यवस्था और उससे जन्मने वाली तानाशाहिक सभ्यता विशेष के विरोध में यह विडम्बनामूलक नारा दिया था- 'सब पशु समान हैं किंतु कुछ पशु दूसरों से ज्य़ादा समान हैं।` लेकिन इस कोशिश में मैं सफल तो क्या होता, उस संभावित उपन्यास के लिखे जा सकने वाला पहला शब्द भी मेरे लिए सम्भव नहीं हो सका, जबकि इस उपग्रह की सीमित धरती पर एक अन्तराष्ट्रीय गुंडई-दादागिरी की काली छाया तले बन चुकी अमानवीय व्यवस्था में पिसते भारतीय समाज में इस नारे के समानधर्मा नारों की एक पूरी फेरहिस्त मेरे दिमाग में हर समय कोई बड़ा विस्फोट कर डालने में अनवरत जुटी हुई है। पिछले दो वर्षों से घोर मानसिक अवसाद और एक ऐसे तथाकथित अपराध के आतंक की घुटन में जीते हुए, जिसे कभी कर सकने की सोच पाना भी मेरे जैसे व्यक्ति के लिए असम्भव और मानसिक तौर पर स्व-अक्षम्य रहा है, उस स्थिति में ऐसा पहला नारा जो मैं शब्दों में उतार सकता हूं वह 'अन्याय ही न्याय` है। यह हमारी न्याय व्यवस्था पर नहीं बल्कि इस समाज की पूरी व्यवस्था पर की गई आतंकित व्यक्ति की टिप्पणी भर नहीं है। बल्कि एक उस व्यक्ति की टिप्पणी है जो अपने आज तक के पूरे जीवन में यह एक सपना देखता रहा है कि समाज का प्रत्येक व्यक्ति समानधर्मिता के आधार वाले समतामूलक और समानतापरक जीवन जीने योग्य खुद को न केवल पा सके, बल्कि सचमुच में इस स्वप्न को अपने जीवनऱ्यथार्थ में तब्दील होता अनुभव करे।
एक भयानक व समूचे अंधकार से परिपूर्ण इस अन्यायी व्यवस्था के आतंक तले मकौड़ों की तरह जीते करोड़ों-करोड़ लोगों की शारीरिक एवं मानसिक तकलीफों को पूरी तरह महसूस करते हुए अगर हम किसी सार्थक विकल्प की तलाश और उसे पा सकने की आशाओं से सराबोर हैं, तो इसे व्यर्थ का आशावाद मानकर खारिज करना उचित नहीं होगा। एक अनवरत व मौन प्रक्रिया उस दिशा में चल रही है, यह मान लेना अधिक महत्त्वपूर्ण है। हालांकि आज सतह पर जो यथार्थ तैरता दिख रहा है वह सचमुच यही है कि आज की खबरों में अन्याय से पीड़ित लोगों का पक्ष लेने वाली तीस्ता सीतलवाड़ नहीं होगी, बल्कि वे ही खूंखार, खूनी और आतंकित कर डालने वाले चेहरे होंगे जो सत्ता के घोड़ों पर सवार, समाज के हर चेहरे, आदर्श और भविष्य के हर उजाले को कुरूप कर डालने में जुटे हैं। उनके के लिए 'सत्ता ही शक्ति` है, भले ही वह कितना ही अल्पजीवी, अमानवीय और खूंखार क्यों न रहती आई हो। शायद भूमंडलीकृत समय के चौधरी इस भ्रम में हैं कि उनकी इस तथाकथित लोकतांत्रिक सत्ता जिसे वे हारे हुए राष्ट्रों पर जबरन थोपना चाहते हैं-का कोई विकल्प है ही नहीं। एक हताशा है जो सभी राजनैतिक दलों के एकरूप चेहरे से जन्म लेकर वर्तमान सत्ताधारियों और इसी सत्ता के आगामी लालच में जीभ नरम किए हुए सांसे गिनते पल-छिन काट रहे हैं। वे आपसी भ्रमों में आश्वस्त हैं कि उनमें से कोई किसी का विकल्प नहीं है बल्कि एक ही कुरूप चेहरे में विभिन्न रूप हैं। सभी को अंतत: उन्ही बेलगाम घोड़ों की सवारी करनी है और उन्हीं की पीठ पर हिचकोले खाते हुए इस उपग्रह की धरती और जीवों पर अश्वमेध के स्वप्न को जीना है।

सम्पूर्ण अश्वमेध का यह स्पप्न पूरा होता है शक्ति की उपासना से और आज के युग में 'शक्ति ही अराजकता` है। अवैध धन अराजक गतिविधियों का पक्का सबूत है और इसका उद्गम भ्रष्टाचार, डांगबाजी, लठैती, हवाला और कबूतरबाजी इत्यादि के बिना कहां सम्भव है। जिस वैश्विक आतंकवाद को दिन रात पानी पी-पी कर कोसा जाता है उसकी जड़ों में आर्थिक शोषण का महासमुद्र ठाठें मारता है। कानून की आड़ में भामाशाहों को डरा धमकाकार ही इसे संचय करना सम्भव है। यह डराना-धमकाना कोई शाब्दिक या सांकेतिक भर नहीं है बल्कि आतंक से दिलों में कंपकपी पैदाकर थैलियों के मुंह खुलवाना है। जन की मेहनत की कमाई पर डाका डलवाने की शुरूआत यहीं से शुरू होती है। दाल, नमक, चावल और आटा अचानक बाजार से यूं ही गायब नहीं हो जाता और रातों रात कीमतें यूं ही आसमान नहीं छूने लगतीं। दरअसल आज की इस दुनिया में कुछ भी यूं ही नहीं होता। अफगानिस्तान और इराक को यूं ही ध्वस्त नहीं कर दिया जाता। उत्तरी कोरिया और ईरान पर दादा की कुदृष्टि यूं ही नहीं जा टिकती। फिर इस 'पुरातन` भारत में यूं ही कुछ हो जाएगा, यह मान लेना बहुत भोलापन है या बहुत बड़ी शातिरता। शक्ति यूं ही बिना किसी अराधना के नहीं मिलती। कुछ भी यूं ही.. यही आज के इस संसार मंे प्रचलित 'बहुरूपीय` लोकतन्त्र का नियम है।

जार्ज आर्वेल सम्भवत: आज के अपने नए 'पशुवाड़े` के लिए 'गुंडागर्दी ही लोकतन्त्र है`, जैसा कुछ ईज़ाद करते। निश्चय ही निर्णय का अधिकार इस लोकतन्त्र में भाभाशाहों की थैलियों में कैद है। अंडरवर्ल्ड के शिखर पुरूषों (कृपया 'व्यक्ति` पढ़ें) के दरबारों में हाजिरी करने वाले तब खुद कितना खुश होते हैं जब प्रताड़नाओं और आतंक से निजात पाने के लिए पीड़ित जन उनके अपने दरबारों में गिड़-गिड़ा रहा होता है और लोकतंत्र तब तानाशाही होने का सुबूत दे रहा होता है। सार्थक विकल्प की तलाश यहीं से शुरू होती है जिसके बारे में पूंजीवादी-भूमंडलीकृत लौह-व्यवस्था ताल ठोंककर व गर्व से कहती है कि बिना किसी भारी भरकम खून-खराबे के विकल्प की सोच पाना ही व्यर्थ है।

इस समाज के वंचित से वंचित व्यक्ति के मन और मस्तिष्क में (प्रतीत होता है) मध्यवर्गीय चकाचौंध का एक ऐसा सपना कुलबुला रहा है जिसके आलोक में कुरीतियां ही समाजिक रीतियां बनती चल रही हैं। वे शायद नहीं जानते वे अपने लिए किसी अंधसुरंग का निर्माण कर रहे हैं। और विकल्प की तलाश में भटकते फिरने वाले स्पप्न द्रष्टाओं की जमात का लुप्तप्राय: होने का खत़रा मंडरा रहा है। इसके मूल में निरर्थकता बोध से उपजती हताशाएं तो हैं ही, लेकिन बाजारवाद उदारीकरण और भूमंडलीकरण जैसी आर्थिक शब्दावलियों ने एक ऐसी लहर पैदा कर डाली है जो इस लुप्तीकरण की प्रक्रिया को अधिकाधिक तेज कर रहीं हंै। इसलिए भी खुद को हताशाओं के समंदर में डुबो देने की बजाए जीवन की सक्रियता और उसके प्रयोगात्मक फॉर्मों को अपनाने के लिए आगे बढ़ना होगा। आज के युग में कविता और कहानी जैसे अनवरत अल्पसंख्यक होते फार्म लेखकों को सीधे आलोचनात्मक हस्तक्षेप की तरफ खींच रहे हैं। अरुंधति की सामाजिक व लेखकीय सक्रियता एक उदाहरण है। यह किसी भी कविताई या औपन्यासिक फार्म से कमतर नहीं आंकी जा सकती।

आर्थिक विकास की वृद्धिदर के आंकडों का तब सचमुच कोई महत्व नहीं रह जाता जब 'जन` अपने लिए ऐसे किसी विकल्प की तलाश में निकल पड़े।



राजकुमार राकेश कथाकार व मार्क्सवादी आलोचक हैं। तीन उपन्यास और तीन कहानी संग्रह प्रकाशित। आलोचना व संवाद की पुस्तक शीघ्र प्रकाश्य।

उर्दू शब्‍दों के इस्तेमाल में नासमझी

  • अन्‍यान्‍य


  • फ़ज़ल इमाम मल्लिक



पत्रकारिता में बहा भाषा के नाम पर इन दिनों जिस तरह का प्रयोग हो रहा है वह बेतरह डराने लगा है। चैनलों की आई बाढ़ के बाद तो खुला खेल फरूखाबादी चल रहा है। भाषा की विरासत को आगे लेकर जाने वाले ही आज भाषा को चौपट करने में लगे हैं। चिंता तब और बढ़ जाती है जब दैनिक हिन्दुस्तान जैसे समाचार पत्र की मुख्य संपादक मृणाल पांडे भाषा के नाम पर उसी प्रयोग को अपने लेखन में बार-बार दोहराती हैं। शब्‍दों का प्रयोग करते हुए हमें इस बात का ध्यान रखना होगा कि हम उसका कहां और किन संदर्भों में प्रयोग कर रहे हैं। हिंदी में उर्दू शब्‍दों के इस्तेमाल का चलन इन दिनों बढ़ा है। अखब़ारों ने पहले उर्दू भाषा के आम प्रचलित शब्‍दों को अपनाया और फिर चैनलों ने इसे आगे बढ़ाया। भाषा के नाम पर की जाने वाली राजनीति और उर्दू-हिंदी के झगड़ों के बीच इस तरह का प्रयोग न सिर्फ हमारी साझी संस्कृति के लिए अच्छी बात थी बल्कि हिंदी भाषा के लिए भी यह एक जरूरी पहल थी क्योंकि इससे हिंदी और अधिक समृद्ध तो होती ही, भाषाई सांप्रदायिकता पर भी अंकुश लगता। ऐसा हुआ भी। हिंदी-उर्दू के नाम पर भाषाई विदेश फैलाने वालों को भी उर्दू को अंतत: अपनाना पड़ा। हिंदी के साहित्यकारों ने भी धीरे-धीरे इस सच को स्वीकारा और हिंदी के साथ उर्दू का इस्तेमाल कर अपनी भाषा को मांझा। लेकिन उर्दू शब्‍दों के इस्तेमाल से एक अलग तरह का खत़रा भी सामने आया। उर्दू शब्‍दों का इस्तेमाल करते वक्त़ हिंदी पत्रकारिता के महारथी भी यह भूल गए कि उन शब्‍दों का सही और सटीक अर्थ क्या होता है और उसे कहां और कब और किन संदर्भों में इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उर्दू के शब्‍दों का प्रयोग करते समय अपनी सुविधा का ध्यान रखते हुए हर किसी ने अपने तरीके से उन शब्‍दों के अर्थ गढ़े और फिर उसका इस्तेमाल धड़ल्ले से किया जाने लगा। जिससे न सिऱ्फ भाषा पर सवाल खड़े हुए बल्कि जिस तरह उन शब्‍दों का इस्तेमाल हुआ उसने उनके अर्थ तक बदल गए। चिंता इसलिए भी होती है कि उर्दू शब्‍दों का इस्तेमाल करते हुए नई पीढ़ी के पत्रकारों से तो चूक होती ही है, दिग्गज और वरि ठ पत्रकार भी ऐसा ही कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन दिनों 'खिलाफ़त` और 'खुलासा` का इस्तोमाल धड़ल्ले से किया जा रहा है। लेकिन इन शब्‍दों का जिस संदर्भ में इस्तेमाल किया जा रहा है वह सही नहीं है। चैनलों में 'सनसनीखेज़ खुलासा` की तो मानो होड़ सी लगी रहती है। समाचार बुलेटिनों में ऐंकरों और रिपोर्टरों को 'खुलासा` का धड़ल्ले से इस्तेमाल करते हुए सुना/देखा जा सकता है। अखब़ार भी इस होड़ में पीछे नहीं हैं। किसने कब, कहां और कैसे 'खुलासा` का मतलब 'जानकारी`, 'रहस्योद्घाटन` 'मामले को सुलझाना` समझा और उसे बाजार में चलाया, कह नहीं सकता, लेकिन अब इसका इस्तेमाल बेझिझक किया जा रहा है। लेकिन ऐसा करते हुए हमारे महान पत्रकार, ऐंकर, चैनलों के प्रोड्यूसर, रिपोर्टर ने कभी यह जानने की ज़हमत नहीं उठाई कि आखिरकार 'खुलासा` का मतलब होता क्या है? खुलासा को सनसनीखेज बना कर लोगों के सामने परोसने वालों ने उर्दू का शब्‍दकोश उलट लिया होता तो उन्हें पता चल गया होता कि खुलासा कभी 'सनसनीखेज नहीं हो सकता क्योंकि 'खुलासा` का अर्थ होता है-सार, संक्षेप, निचोड़, सारांश, नतीजा। चैनलों के 'खुलासा` से इन अर्थों का ताल्लुक दूर-दूर तक नहीं है, क्योंकि संक्षेप तो सनसनीखेज हो नहीं सकता और न ही निचोड़ या सारांश सनसनी पैदा करता है। 'खुलासा` यह कि हिंदी पत्रकारिता में 'खुलासा` का इस्तेमाल जो लोग कर रहे हैं और तुर्रम खान बने ऐंठ-अकड़ रहे हैं, उन्हें शब्दों के इस्तेमाल से पहले शब्दों का सही अर्थ जानना बेहद जरूरी है।

वरि ठ साहित्यकार मृणाल पांडे का ज़िक्र यहां करता चलूं । दरअसल यह पूरा आलोख उनके ही लिखे एक आलेख को पढ़ने के बाद लिखने का विचार मन में उठा। स्वतंत्रता दिवस पर उन्होंने अपने कॉलम में 'खिल़ाफ़त` शब्‍द का इस्तेमाल किया था। दैनिक 'हिन्दुस्तान` में उसी दिन पहले पेज पर उन्होंने अपने संपादकीय में भी 'खिल़ाफ़त` शब्‍द का इस्तेमाल किया था। लेकिन दोनों जगहों पर खिल़ाफ़त का इस्तेमाल उन्होंने विरोध के लिए किया था। जबकि खिल़ाफ़त का विरोध से नज़दीक का रिश्ता भी नहीं है। उर्दू में विरूद्ध के लिए खिलाफ का इस्तेमाल करते हैं। अब तो हिंदी में भी खिलाफ़ का इस्तेमाल किया जाने लगा है। खिलाफ़ के लिए मुखा़लिफ़ का इस्तेमाल भी होता है। और इसी मुखा़लिफ़ से विरोध के लिए मुखल़िफत बना है लेकिन हिंदी में अपनी आसानी के लिए खिल़ाफ़ से खिल़ाफ़त बना कर उसे विरोध के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। जबकि उर्दू में खिल़ाफ़त का अर्थ विरोध नहीं होता है। उर्दू में खिलाफत का मतलब नुमाइंदगी, प्रतिनिधित्व होता है और यह शब्द खल़िफ़ा से निकला है। खल़िफ़ा का मतलब नुमाइंदा, नाइब, किसी की अनुपस्थिति में उसके स्थान पर काम करने वाला होता है। पैगंबर हज़रत मोहम्मद के इंतक़ाल के बाद उनके जानशीं को खल़िफ़ा कहा गया और उनके दौर या कार्यकाल को खिल़ाफ़त के नाम से पुकारा गया। आजाद़ी की लड़ाई के दौरान मौलाना मोहम्मद अली जौहर के खिल़ाफ़त आंदोलन से हो सकता है लोगों को यह भ्रम होता हो कि वह 'विरोध यानी खिल़ाफ़त` के लिए आंदोलन किया गया हो पर सच तो यह है कि वह आंदोलन प्रतिनिधित्व के लिए किया गया था। खिल़ाफ़त की ऐसी-तैसी करने वाले उर्दू शब्‍दकोष उलट लेते तो बहुत कुछ स्प ट हो जाता लेकिन पत्रकारिता में 'खिल़ाफ़त के खल़िफ़ाओं` ने तो यह तय कर रखा है कि वे जो बोल रहे हैं, सही है। इसलिए कौन ाब्दको ा का सहारा ले। 'अता` और 'अदा` का मामला भी कम दिलचस्प नहीं है। हिंदी पत्रकारिता में आज भी ऐसे कई लोग हैं जो 'अता` और 'अदा` का मतलब नहीं जानते हैं। इसलिए आज भी 'नमाज़ अता की` का इस्तेमाल किया जा रहा है। जबकि सही वाक्य होगा-नमाज़ 'अदा` की। अदा फ़ारसी और अरबी दोनों ही भाषा में इस्तेमाल होता है। फ़ारसी में इस शब्‍द का मतलब हावभाव, नाज़, अंदाज़, तरज, प्रणाली होता है जबकि अरबी में अदा का मतलब चुकता करना, बेबाक़ करना, देना, चुकाना होता है। जबकि अता का अर्थ दान, पुरस्कार होता है। तुर्की भाषा में अता का अर्थ पिता, जनक, बाप से है। नमाज़ के साथ अता का इस्तेमाल करने वालों को अब शायद यह समझ आ जाए कि खुदा को कोई भी व्यक्ति दान या बिखशश नहीं दे सकता। 'अता` से 'जागीर अता की` 'ज़मीन अता की` जैसे वाक्य तो ठीक हैं पर नमाज़ तो 'अदा` ही की जाती है। जो शब्‍दकोष देखने की ज़हमत नहीं उठाना चाहते वे 'अदा` और 'अता` के पचडे में क्यों पड़ते हैं, समझ से परे है। वे सीधे-सीधे क्यों नहीं लिखते 'मुसलमानों ने ईद की` जुमा की नमाज़ पढ़ी`। सारा झंझट खत़्म।

उर्दू शब्‍दों के सही उच्चारण को लेकर भी अक्सर सवाल उठते हैं। हिंदी में उर्दू शब्‍दों का प्रयोग तो होता है लेकिन नुक्तों का इस्तेमाल नहीं किए जाने की वजह से बड़ी परेशानी खड़ी हो जाती है। हिंदी में उर्दू शब्‍दों के लिए नुक्तों का इस्तेमाल नहीं होता है तो 'गजल` 'गजल` हो जाती है। यह कुछ-कुछ गज़क जैसा सुनने में लगता है। ऐसे में तो 'गजल` को तो 'गजल` ही लिखा जाना चाहिए और बोला जाना भी चाहिए। पर यह एक गजल ही क्यों उर्दू में सैंकड़ो ऐसे शब्‍द हैं जिनमें नुक्त़ा नहीं लगे तो अर्थ का अनर्थ हो जाता है। हिंदी के एक वरिष्‍ठ कथाकार की कहानी है 'जंग`। इसी नाम से उनका संग्रह भी प्रकाशित हुआ है। कहानी पढ़ने से पहले जो बात दिमाग में कौंधती है, उसमें 'जंग` के आसपास ही सब कुछ घुमड़ता है। जंगऱ्यानी लड़ाई, युद्ध। पर कहानी पढ़ने के बाद यह बात सामने आती है कि कथाकार ने कहानी का शारीरिक 'जंग` नहीं 'ज़ंग` दिया है। जंग़ का मतलब मोरचा, गंदगी से है। लेकिन यहां इस 'जंग` का इस्तेमाल बिना नुक्ते़ के हुआ है इसलिए कहानी का पूरा अर्थ ही बदल जाता है। इस तरह की परेशानी सिर्फ 'जंग` और 'जंग़` के साथ ही नहीं है। 'ज़ीना` और 'जीना` 'ज़लील` और 'जलील` 'ज़र` और 'जर` 'ज़द` व 'जद` 'जम` व 'ज़म` 'जमाना` व 'ज़माना`, 'नुक्ता` व 'नुक्ता 'जलाल` व 'ज़लाल` के इस्तेमाल में भी इस तरह की सावधानी बरतनी पड़ेगी क्योंकि यहां नुक्ते़ के हेरफेर से खुदा के जुदा हो जाने का खत़रा नहीं है बल्कि अर्थ का अनर्थ हो जाने का खत़रा है। मिसाल मे तौर पर ज़लील व जलील को ही लें। 'ज़लील` का मतलब होता है भ्र ट, नीच, कमीना जबकि जलील प्रतिष्ठित व महान के लिए इस्तेमाल होता है। कभी-कभी 'जलील मियां` को ज्यादा इज्जत देने के लिए चैनल वाले उसे 'ज़लील` बना डालते हैं। उसी तरह ऊपरी मंज़िल पर जाने के लिए 'जीऩा` बना होता है लेकिन 'जीना` कहते ही अर्थ बदल जाता है। फिर आज साहित्य और पत्रकारिता में जिस तरह की राजनीति हो रही है उसमें एक खे़मे की 'ज़द` पर दूसरा खेम़ा रहता है लेकिन अगर यह 'ज़द` 'जद` में बदल जाता है तो सारा मामला ही उलट जाता है यानी जो लोग 'ज़द` से निशाने पर थे 'जद` लिखते, बोलते ही मतलब दादा, नाना, पितामह, मातामह में बदल जाता है। ऐसे में कम से कम मुझे तो यह तर्क वाजिब नहीं लगता कि हिंदी में जो शब्‍द जिस तरह चलन में आ गया, उसे उसी तरह रहने दिया जाए। फिर नुक्ते के हेरफेर से जो अर्थ का अनर्थ हो जाता है उसके बारे में क्या और कौन सा तर्क दिया जाएगा? यह सही है कि हिंदी में बिंदी या नुक्तों का इस्तेमाल हम नहीं करते लेकिन उर्दू शब्‍दों के सही अर्थ के लिए क्या ऐसा करना ज़रूरी नहीं है? और अगर ज़रूरी नहीं हैं तो फिर उर्दू के इन शब्‍दों का इस्तेमाल क्यों और किसलिए किया जाए? थोड़ी देर के लिए यह मान भी लिया जाए कि ऐसा करने में कोई हर्ज नहीं है लेकिन चैनलों पर तो समाचार पढ़ा जाता है और जब वे सही और ठीक- ठीक उच्चारण नहीं करते हैं तो मेरे जैसे सुनने वालों को बहुत बुरा लगता है।


पत्रकार व युवा लेखक फ़ज़ल इमाम मल्लिक 'जनसत्ता` से जुड़े हैं।

उन्हें नफरत है खिड़कियों से

जनवरी अंक के साथ जारी कविता पुस्तिका


पेरिया परसिया, सेतारह या पेरि अथवा हिंदी में पुकारू नाम परी कहें, नाम कुछ भी हो, कहानी एक ही है। इंटरनेट पर एक संवाद आरंभ हुआ, संवाद करने वाली ने अपना नाम सेतारह बताया, जो शायद परशियन भाषा का नाम है। ई मेल के रूप में संवाद का आरंभ मेरी वेब पत्रिका की प्रशंसा से हुआ लेकिन कुछ दिनों बाद एक बेहद घबराया सा पत्र मिला, पत्र लेखिका ने अपनी एक मित्र के बारे में लिखा, जिसने अभी-अभी पागलखाने में आत्महत्या कर ली। उनका कसूर यह था कि उन्होंने एक ऐसे कवि से मुहब्बत की थी जिससे वे कभी मिलीं नहीं थीं। पत्र लेखिका ने बताया कि मरने से पहले उसकी मित्र ने पागलखाने की एक नर्स को कुछ पत्र दिए थे...जो कविता से लगते हैं।...ई मेल की सबसे बड़ी दुविधा यह होती है कि हम ना तो पत्र लिखने वाले के बारे में जान पाते हैं ना ही यह पता लगा पाते हैं कि यह किस देश का है (विशेष रूप से यदि पत्र याहू से आया हो)। लेकिन उक्त पत्र लेखिका से संवाद आरंभ होते ही मुझे यह अनुमान हो गया कि वह यवन देशों के किसी ऐसे समाज से ताल्लूक रखती है जहां औरतों के आजादी की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। बाद में इस बात की पुषिट भी हुई। उन्होंने मुझसे आग्रह किया कि मैं उन पत्रों को अपनी वेब पत्रिका 'कृत्या` में जगह दूं, जिससे लोगों को इस बारे में पता लग सके। लेकिन उनका सबसे बड़ा आग्रह यह था कि ना तो पत्र लेखिका का असली नाम दिया जाएगा, ना ही कवि का, नहीं तो कवि के परिवार को खतरा हो सकता है। जब कविता मिली तो मुझे लगा यह एक पुकार है वही पुकार जो कभी हमारे देश में मीरा की थी, वही जो हब्बा खातून की थी, और ना जाने कितनी स्त्रियों की, जो अपने दिमाग का मर्दों की तरह इस्तेमाल करने लगती है, जो मर्दों के लिए निर्धारित सीमा रेखा के भीतर घुसने की कोशिश करती है । उस कथित विक्षिप्त (विद्रोही!) महिला की यह 'कविता` पुरूष सत्ता की क्रूरताओं का बखान करते हुए स्‍त्री विमर्श का नया पाठ रचती है। मुझे लगा कि हमारे देश में पाठकों को भी इस कविता को पढ़ना चाहिए.. इसलिए अंग्रेजी में मिली इन कविताओं का मैं हिंदी में अनुवाद करने लगी, और अनुवाद की प्रक्रिया में ही मेरे भीतर आक्रोश शक्‍ल लेने लगा। बस यहीं पर मेरी कविता प्रक्रिया भी शुरू हो गई। यहीं पर मेरा 'परी` से संवाद स्थापित हुआ।

परी का 'एक पत्र पागलखाने से तथा मेरी कविता 'परी की मजार पर` वेब पत्रिका में प्रसारित होने के बाद कुछ साइबर पाठकों के पत्र आए जिसमें तरह-तरह की शंकाएं थीं जैसे कि यह कवयित्री मरी नहीं है या फिर कोई और है जो परी के नाम पर लिख रहा है। मैं बस एक बात जानती हूं कि यह कविता औरत की तकलीफ बयान करती है जो देह और मन के साथ दिमाग भी रखती है। कवयित्री का वास्तविक नाम चाहे जो हो।

- रति सक्सेना







एक पत्र पागलखाने से


  • परी

१


वे कहते हैं कि
वे हाथ बांध देंगे मेरे
पलंग के सिरहाने से
यदि मैंने दीवारों पर
सिर पटका

उन्हें प्यार है दीवारों से

मैं बन्द हूं पांच दीवारों वाले एक सफेद ठंडे कमरे में
जहां कोई खिड़की नहीं
हवा के लिए

उन्हें नफरत है खिड़कियों से

मैं अकेली पत्ती, पितलाई हरी
पत्तियों की तरह, मुझे दरकार होती है
ताजी हवा की, यदि विश्वास नहीं उन्हें
मेरे क्लोरोफिल पर तो
इतना याद रखें कि
एक पागल औरत को भी जरूरत है
हवा की, जो उसके बालों को सहला दे

वे परागकणों से युक्त हवा को प्रदू‍षित कहते हैं

कमरे की पांचवी दीवार मेरी छत है
यह दीवार सरकाई जा सकती है
इसका बोझ मेरे कंधों पर टिका है
जिससे मेरे दिल और इसकी दूरी
हर क्षण कम होती जा रही है
यह हर क्षण नीचे झुकती जा रही है
किन्तु कभी ढहती नहीं

वे खुद चमकदार आसमान के नीचे रहते हैं

वे कहते हैं कि मुझे एक सिगरेट देंगे
यदि मैं कसम खाऊं कि मैं अच्छी बच्ची बनूंगी
पलंग के नीचे घुस कर अपनी नसें नहीं चबाऊंगी
लेकिन वे एक ट्रे लेकर आते हैं, शॉक थेरोपी से पहले, हर बार

वे मुझे मार डालने के आदी हो गए हैं

उन्होंने मेरे दिमाग से संगीत मिटा दिया
उन्होंने मेरी देह से नृत्य मिटा दिया
लेकिन वे दिल से नहीं मिटा पाए
तुम्हारे प्यार को, तुम्हारी यादों को, मेरी चाहत को
तुम्हारी कविताओं को अपनी जबान में तर्जुमा करने को

वे मुझे मार डालने के आदी हो गए हैं




२.

मुझे नहीं चाहिए सिगरेट
नहीं चाहिए सूरज की रोशनी
नहीं चाहिए मुझे आजादी
बस कह दो उन्हें कि
दे दें मुझे कागज और कलम
जिससे मैं बात कर सकूं अपने आप से

यहां सारे के सारे डाक्टरों और नर्सों के सिर गायब हैं

मैं कभी नहीं मांगूगी उनसे चाभी
जिससे इस दरवाजे को बन्द कर
महसूस कर सकूं आजादी अकेलेपन की

कभी भी नहीं मांगूगी उनसे धर्मग्रन्थ
पापों के प्रायश्चित के लिए
जिससे महसूस कर सकें वे अपने को मजबूत

ईश्वर भी उतना अकेला नहीं होगा आसमान में
जितना एक पागल औरत है अकेली
इस कमरे में जो बन्द नहीं होता

कह दो उनसे कि वे दे दें मुझे बस एक कागज और कलम
जिससे मैं बुन सकूं एक खूबसूरत प्रेम कविता
मेरे प्यार की आत्मा के लिए, सर्दियां करीब आ रहीं हैं

सर्दियां करीब आ रहीं हैं



३.

ये दीवारें इतनी खाली क्यों हैं?
न कोई दर्पण, ना चित्र, ना ही धब्बे
बच्चों के हाथों के निशान तक नहीं
केवल डरावनी सफेदी

केवल डरावनी सफेदी

दीवार घड़ी कहां छिपी है?
मेरे सीने में? मेरी बिल्ली कहां है?
कहां है मेरा वैक्यूम क्लीनर?
कहां हैं बिना धुले कपड़ों और जूठे बर्तनों का ढेर?

यह डरावनी सफेदी
क्या यह इत्तिला है दुनिया के अन्त की?
यहां हर दिन बीता हुआ कल है
कोई आने वाला कल नहीं, दर्पण नहीं, घड़ी की सुइयां नहीं
बस दीवार पर मंडराती एक औरत की परछाई

मरी मोमबत्ती की तरह

कोई है इस दुनिया में जो
मरी मोमबत्ती को याद रखता हो?



४.

आराम के लिए वक्त नहीं है
यहां तक कि पागल औरत के लिए भी

आधी रात को
एक बिना सिर वाला आदमी
सफेद चोगे में
आता है कमरे में
बोलता है सफेद आवाज में :
'तुम अभी भी खूबसूरत हो`
मेरे इंकार करने पर कहता है :
'मै तुम्हारा पति हूं`

वह झूठ बोल रहा है, मैं जानती हूं
लेकिन वह मेरे पति जैसा लगता जरूर है
वह शुरू होता है बिना चुम्बन के
बिल्कुल मेरे पति जैसा ही
उसे अन्तर मालूम नहीं है
प्यार और यौन सम्बन्ध में

शॉक थेरोपी इससे बेहतर है
शॉक थेरोपी इससे बेहतर है
शॉक थेरोपी इससे बेहतर है
शॉक थेरोपी इससे बेहतर है
शॉक थेरोपी इससे बेहतर है

सुबह वह फिर आता है
खूबसूरत जवान नर्स के साथ
'हमारे बच्चे कैसे हंै` मैं पूछती हूं
वह अपने बालों वाले हाथ हिला हिला कर हंसता है, हंसते हुए कहता है
'मुझे नहीं मालूम, मैं तुम्हारा पति नहीं हूं`, फिर पूछता है :
'आज कैसा लग रहा है, कल रात कोई बुरा सपना तो नहीं देखा?`



५.

क्यों हूं मैं यहां?

क्योंकि मैंने एक आदमी से प्यार किया
जिससे मैं कभी मिली तक नहीं?

क्योंकि मेरे और प्यार के बीच ऐसा कोई पुल नहीं
जो दिखाई दे, सिवाय कविता के?

क्या इसलिए कि मैं पक्की व्यभिचारिणी हूं
स्वप्न युक्त सपनों को बुनती हुई?

कोई भी विश्वास नहीं करता मुझ पर
सिवाय इस गुलाबी गोली के

जो उनके कानून और धर्म के अनुरूप
मेरे दिल की क्रूर धड़कनों को वश में रखती है

मैं यहां क्यों हूं?

मेरी आंखों में आंसू का एक कतरा भी नहीं?
सिवाय भूतों के कोई मुझसे मिलने आता भी नहीं

क्यों नहीं मुझे लोगों से मिलने दिया जाता?
अपने परिवार से, बच्चों से?

'कोई अपनी बेटी से शादी नहीं करेगा
क्योंकि उसकी मां पागलखाने में हैं
मेरे पति ने कहा था गुस्से में, जब वह
आखिरी बार मिलने आया था

उम्दा लफ्ज, उम्दा काम, उम्दा सोच

तभी तो मैंने अपने पति को मार डालने के लिए वार किया
किसी और के लिए नहीं, सिर्फ खुदा के लिए



६.

अब मैं किससे अपना अकेलापन बाटूंगी
यह चींटी भी मर गई?

नर्स गुस्सा कर रही है
'शर्म आनी चाहिए तुम्हें !
तुम एक चींटी के मरने पर रो रही हो
जबकि पूरी दुनिया में लाखों करोड़ों निरपराध
मारे जा रहे हैं, बमबारी की बरसात में

मैं दूसरों के बारे में सोचने की कोशिश कर कर के थक गई
वे मर गए हैं
बस मेरे अकेलेपन को तकलीफ देने के लिए
वे वास्तव में हैं या फिर
मर गए वास्तव में?

मैं अब इस वास्तव पर विश्वास नहीं करती
यहां तक कि जंग में मेरे अपने बेटे की मौत की बात पर भी नहीं
मुझे तो यह बात कतई झूठ लगती है
बम क्या खाक बच्चों को मारेंगे
वे तो दुश्मनों के लिए बने हैं

मैं इस वक्त बस मरी चींटी के बारे में सोच रही हूं
सारे मीडिया वाले इस बात पर खामोश हैं
यह चींटी अमेरिका की प्रेसीडेंट जो नहीं थी
न ही कोई धार्मिक गुरू
दुनिया की आखिरी चींटी भी नहीं
उसकी जिंदगी और मौत कोई खास मायने नहीं रखती
यहां तक कि कविता पत्रिका का चीफ एडिटर
जो सताई गई औरतों की कविता छापता है
उसके लिए भी यह केवल एक चींटी थी, और कुछ नहीं
उसे तो नर्स के कदमों में कुचल कर मरना ही था

अब जब नर्स चली गई तो मैं अपने आप से पूछ रही हूं
इस चींटी की मौत के लिए यह पागलखाना ही क्यों चुना गया
क्या खुदा कोई संदेश दे रहा है?

दवाईयों की गोलियों और शीशी की जगह
यदि वे मुझे एक गमला दे दें
मैं उसमें चीटी की मरी देह को दफना दूंगी
तो उसका रहस्य लाल पंखुड़ियों में खिल उठेगा
७.

मैंने भूल के गिद्ध के सामने अपना दिल खोल दिया
जिससे वह खा ले तुम्हारी यादें, और बैठ जाए तुम्हारी जगह
लेकिन तुम बच गए

मैंने पागलपन के अथाह रेगिस्तान में पनाह ली
जिससे एक दुनिया मिले जहां तुम नहीं हो
लेकिन पहले से ज्यादा चालाक शब्‍दों ने, मेरे दिमाग में पनाह ले ली
यह याद दिलाने के लिए, यह स्वीकार करने के लिए
तुम्हारे सिवाय, और कोई भी जगह नहीं ले सकता है
मेरे दिमाग में, मन में
वे लगातार मेरे लिए दवा और गोलियां ला रहे हैं
इस ठंडे सफेद कमरे में
जहां मैं दुनिया की आखिरी चील की मानिंद रह रही हूं
यह याद रखते हुए की खो गया है मेरे प्यार का आसमान



८


मेरी मां किसी और मर्द के बारे में क्यों नहीं सोचा करती थी
अपने शौहर के साथ सोते वक्त
या आलू छीलते वक्त?

मेरी सोच हरदम देह को धोखा देती रही

क्यों मेरी मां के लिए पागलखाना बस
पागलों के रहने की जगह है? क्यों मैं अपने अनन्त सवालों को
भूल जाती हूं, ज्यों ही अपनी ओर आते देखती हूं सिरकटी देहों को



९.

पागलखाने के इस कमरे की सफेदी और ठंडक
गवाह है, प्रिय! कि मैंने तुमसे कुछ नहीं चाहा
न धन दौलत, न अंगूठी, यहां तक कि कबूतर की परछाई तक नहीं
मेरी एक मात्र इच्छा थी कि तुम्हें सुन सकूं
मेरी आंखे चाहती थीं तुम्हें देखना
'झूठी और धोखेबाज तुमने कहा, और छोड़ कर चले गए
सफेदी और ठंडापन जो इस कमरे में छाया है
साफ-साफ बयान करता है कि मैं झूठ बोल ही नहीं सकती
हलांकि कोई मेरे होठों से सच सुनना पसन्द करता ही नहीं है
सच जिससे मैं नफरत करती हूं वह है 'मौत`



१०.

जब मैं तुम्हारे प्यार में पड़ी तब
मेरे पास एक अच्छा शौहर था, जिसने मेरे लिए
चार कमरों का बंगला बनवा रखा था

जब मैं तुम्हारे प्यार में पड़ी तो
मेरे पास एक बेटा था, गबरू जवान
और एक प्यारी खूबसूरत बेटी

जब मैं तुम्हारे प्यार में पड़ी तो
मुझे कुछ नहीं चाहिए था
अलावा एक आत्मा के, मेरी देह के लिए

तुमने मेरे दिल को अपने प्यार भरे गीतों से भर दिया
तुमने जता दिया कि : 'बस मुझे मानो
मैं ही प्यार का आखिरी मसीहा हूं इस दुनिया में`

तुमने मेरे खाबिन्द को लिखा
उसे धमकाया 'उसे आजाद कर दो! ओ नीच आदमी!`

प्यार के उस विशाल आसमान में
जब मैं तुमहारी बाहों में बंधी, कल्पना में ही
आंखे बन्द किए, बिना परों के उड़ रही थी

तुमने शासित किया : खुदा को चुन, बस खुदा को
मैंने अपनी बीबी से वायदा किया है कि तुम्हें खत नहीं लिखूंगा!
मैं अब से अपने बेटे के लिए अच्छा पिता बनूंगा!

तुम्हारे प्यार में पड़ने से पहले
सभी घड़ियों की दो सूइयां हुआ करती थीं
और पागलखाना मेरा घर नहीं हुआ करता था




११.


खुदा!
तूने दूसरों के लिए जिन्दगी बनाई
मेरे भाग्य में कविता बदी थी
और अकेलापन
और पागलपन

दूसरों के पास चार मौसम हैं
और दो पांव चलने के लिए
जबकि दुनिया मेरे बर्फीले पंखों पर टिकी है
अपनी खंदकां, यतीमखानों और मरघटों के साथ

दूसरों को तो बस मौत के दिन मरना पड़ता है
लेकिन मैं जिंदगी के हर रोज मर रही हूं

मैं जब नौ बरस की रही हूंगी
दिव्य दृि‍ ष्‍ट के लिए चुनी गई थी
लेकिन किसी ने विश्वास नहीं किया
सिवाय बेकार के लफ्जों के

इन्ही लफ्जों ने मुझे मसीहा बना दिया
बिना खुदा के, बिना बन्दों के
अपने पंखों से छूट कर असली दुनिया के
पिंजरे में दुबारा आने के लिए

क्यूपिड की तरह, जिसने अपने पैरों के लिए
जूतों को पंखों से बदल लिया



१२


मेरे बिस्तर तक, मेरे दिल तक
पानी चला आ रहा है
पांचवी दीवार तक
किसी को आश्चर्य तक नहीं
ऐसा लगता है कि सारे के सारे डाक्टर और नर्सें
जन्मजात मछलियां और सीप घोंघें हैं

और कोई नहीं तो पानी ही
पागल औरत के बाल सहला देता है
और कोई नहीं, बस पानी ही
पोछ देता है आंसूओं को, पगली औरत के

कहां है मेरा प्यार?
कहां हो तुम?
अब तुम चले ही गए तो
मैं नहीं चाहती हूं कि वापिस लौटो
मुझे बचाने के लिए
बस मेरे हाथ छोड़ दो
और समाने दो मुझे समंदर की तलहटी में
वहां, मुझे जरूर मिलेगा एक मरा हुआ शार्क
तुम्हारे दिल की गंध लिए, स्याह
हर बार जब मैं उसके बंद होंठों को चूमूंगी तो
मुझे लफ्ज़ ब लफ्ज़ तुम्हारी प्रेम कविताओं का स्वाद मिलेगा



१३.

तुम्हारी आंखों में
मैं केवल एक औरत हूं, बस एक औरत
एक दिन तुमने प्यार किया बस 'उससे`
दूसरे दिन तुम भुला बैठे उसको

तुमने मेरे भीतर छिपे कवि को नहीं देखा
जो तुम्हारी कविताओं को पाने की आदी हो गई थी, हर दिन
तुमने मेरे भीतर की चिड़िया को भी नहीं देखा
जो आदी हो गई थी तुम्हारे स्नेह की, हर दिन

तभी तो धूल के बादलों की तरह
तुम्हारे लफ्ज़ आसमान में टंगे रहे
'मैं तुम्हे दूंगा प्यार और आजादी और आदर
जबकि दूसरे आदमी चाहते हैं बस तुम्हारी देह, और सेवा`

मेरी निगाहों में,
तुम आदमी थे, इंसान थे, कवि थे
मैंने तुमसे बांटा, अपना सोच, अपना पिंजरा और कविताएं
तभी तो तुम अभी तक जिंदा हो, किसी और औरत से मुहब्बत करने के लिए

जबकि मैं अभी तक तुम्हारी कविताएं
उतार रही हूं अपनी जबान में, अपने घर वापिस लौटने में असमर्थ
जहां मेरा शौहर और बच्चे इंतजार में हैं मेरी वापिसी के
जी रही हूं इस पागलखाने में

तुम अभी तक अपनी पत्रिका में मुख्य संपादक हो

डेथ सर्टीफिकेट

जब वह भुला बैठा उसे
वह याद नहीं रख पाई अपने को, और अधिक
इसीलिए अपनी बन्द पलकों पर एक नींद लिए
वह मर गई

नहीं, यह मत सोचना कि उसने आत्महत्या की
वह तो बस मर गई
जैसे कि एक फूल मरता है
बिना पानी के

उन्हें नफरत है खिड़कियों से..

परी की मजार पर


  • रति सक्सेना

१


ओ अनजानी परी!
तुमने बस पांच दीवारें देखी
छठी नहीं देखी
जो तुम्हारे पैरों के ऐन नीचे है
ज्यादातर लोग अनदेखा कर देते हैं
लेकिन हमारे देश में एक स्‍त्री ने उसे भी भेद दिया था
जबकि उसके पति ने उसे
भेज दिया था पागलखाने में
जिसकी कोई दीवार ही नहीं थी,
इसलिए नहीं कि उसने किसी से प्यार किया
इसलिए भी नहीं कि उसने धोखा दिया
वह इंतजार करती रही उसके लिए चौदह बरस तक
फिर भी छोड़ा पति ने
बहुत सी चीजें ज्यादा अहमियत रखती हैं
आदमी के लिए, मसलन शासन, सिंहासन, जनता

परी! औरत के क्लोरोफिल को कोई नहीं जानता
यहां तक खुद औरत भी नहीं
औरत पीली होती हुई भी खुश रहती है
मुरझाते वक्त भी हंसती है

तुम्हारी छत तुम्हारे कंधों पर टिकी है
तमाम औरतें छतों के ऊपर होते हुए भी
न उड़ रही हैं, न तारे देख रही हैं

उन्होंने तुम्हारे दिल से संगीत को हटाया
देह से नृत्य को,
मेरे आजू-बाजू तमाम औरतें
आंख में पट्टी बांध, पांवों में जंजीरें लाद
हाथों में बेड़ियां पहन नाच रही हैं
खुद को खुश करने को नहीं,
बल्कि उन सब को जो उसकी देह को नाचते देख
मछली खाने का लुत्फ पाते हैं



२.

परी!
अच्छा किया जो तुमने चाभी नहीं मांगी
अच्छा किया जो दरवाजा नहीं खोला
तूफान तुम्हारे दरवाजे को भड़भड़ा कर लौट गया
सांप सपोले नाचते रहे
तुमने अपने सिर के ऊपर की दीवार को सरका
बस झांक लिया आसमान
पूरा का पूरा

हमारे देश में कागज कलम पूजे जाते हैं
लेकिन बस आदमियों के द्वारा
तुम पहली औरत हो
तुम आखिरी औरत हो
तुम अकेली औरत हो,
नहीं, रहने दो... मैं भी हूं तुम्हारे साथ
कागज कलम की चाहना रखने वाली



३.

क्या खोज रही हो तुम?
वही, जो मैं खोज रही हूं काफी दिनों से?
बर्तनों का ढेर चाहिए मुझे
जिससे मांज सकू मैं समाज की गर्द
चाहिए कपड़े, हटा सकूं जर्रा जर्रा मैल
मेरे भी जिगर में हैं
कुछ स्याह निशान मेरे बच्चों के हाथों के

लेकिन मालूम है, मेरे देश में
मुझे हक नहीं मेरे बच्चों पर
क्योंकि बेटियां जनी हैं मैंने

मोमबत्तियां मरती नहीं
मोमबत्तियां जलती हैं,
जलाई जाती हैं



४.

शॉक थेरोपी ।
शॉक थेरोपी ।
हां शॉक थेरोपी ।
क्या कोई और भी शॉक थेरोपी है
तुम्हारी दुनिया में?



५।


तुम कहती हो कि तुमने प्यार किया
उससे जिससे कभी नहीं मिली तुम
अच्छा हुआ कि मिली नहीं
नहीं तो तुम सात जन्म तक
पागल होने की हद तक प्यार नहीं कर पातीं
प्यार एक खिलौना है आदमी के लिए
कभी कदार खेलने के लिए
प्यार पागलपन है औरत के लिए
आत्महत्या की हद तक




६


ओ परी! मुझे भी दर्द है
तुम्हारी चींटी सहेली के मरने का
तुम समझ सकी उसकी भाषा
या फिर वह ही बोल लेती थी तुम्हारी?

चींटियों की कतार जा रही है
मसालों के डिब्बों पर, चीनी पर चावल पर
मेरे हाथ उठ नहीं पा रहे हैं चींटी मार पाउडर के लिए

मैं खोज रही हूं इस कतार में कौन सी चींटी तुम्हारी सहेली होगी!

किसी पागलखाने में
मेरे लिए
कमरा तो खाली नहीं किया जा रहा है?

जंग का एलान है,
आदमी मर रहे हैं, रेल में, बाजार में, उत्सवों में
घरों में,
मैं चींटी खोज रही हूं
मैं चींटी खोज रही हूं
जो मुझसे बतिया सके
मेरी सहेली बन सके



७.

भूलना बड़ा आसान है परी,
बस शुरू करो कि कहां से भूलना है
रोज याद करो कि क्या क्या भूलना है
लिस्ट बनाओ कि क्या नहीं भूलना है
भूलते भूलते तुम इतना भूल जाओगी कि
कुछ भी याद नहीं रहेगा तुम्हें
भूल के अलावा
देखो मुझे अच्छी तरह से याद है
वह सब, जो मुझे भूलना है
वह, जिसे भूलने की कोशिश
मैंने जी जान से की



८.

किसी मां का दिल भी खोलना परी
उसने भी सोचा होगा किसी और के लिए
उसने भी महसूसा होगा किसी अनजाने को
बस वह पागल नहीं थी तुम्हारी तरह
आलू छीलते छीलते यादों की छीलती रही
कसीदे बुनते बुनते बूटों में रंग भरती रही

यदि मां ने नहीं सोचा होता तो
तुम भी नहीं सोचती परी
किसी के लिए, किसी के भी लिए, परी!

मेरी मां अहिल्या थी
जो पत्थर बनी रही, एक ठोकर की चाह में



९.

तुमने नहीं चाहा, यह तुम्हारी गलती है
उसे यही तो डर था कि
तुमने क्यों नहीं चाहा
यदि तुम भी चाहती आम औरतों की तरह
अंगूठी, कंगन या परिधान
उसे विश्वास हो जाता कि तुम औरत हो
उसे विश्वास हो जाता कि वह मर्द है
फिर शॉक थेरोपी
फिर शॉक थेरोपी
इसका कोई अन्त नहीं



१०.

परी घड़ी के कई सुइयां होती हैं,
दिखती है हमें केवल दो
उनमें भी एक बड़ी एक छोटी होती है
यह तुम पर निर्भर करता है कि तुम कौन सी चुनो

लेकिन वह तुम्हें चुने या नहीं, यह उसका काम है

तुमने प्यार किया, तभी तुम्हारे जिगर से
कमल खिला
उस कमल पर जब भौंरा मंडराएगा..
देखो हमारे देश के संस्कृत के कवि
कमल के साथ भौंरो के बारे में भी सोचा करते थे
तुम उसे भींच लेना अपनी पंखुड़ियों में
कभी मत करना आजाद

वह देखो कमल खिलने लगा



११.

तुमने अपने पंख काट डाले
लेकिन मैं तो सुनती रही हूं
अपने पिता से
चींटी की जब मौत आती है
तो उसके पर निकलते हैं
तुम बिना पर के ही मर गई
अरे नहीं,
शायद लोगों ने नहीं देखा
तुम तो चल कर गइंर् थी
क्यूपिड के जूतों में



१२.

एक वक्त था, मैं सोचा करती थी तुम्हारी तरह
डरा करती थी पानी से, झरने से समन्दर से
एक दिन समंदर ने मेरे तलवों को चूमा
मुझे लगा कि उससे बड़ा प्रेमी कोई नहीं
मुझे लगा कि उससे पागल प्रेमी कहीं नहीं

समंदर में शार्क हैं तो नन्ही मछलियां भी
सीप, घोंघे भी, लहरों के सपने भी
तुम जब पहुंचो समंदर की तलहटी में
मेरी ओर से चुम्बन दे देना उसके अंगूठों पर
उन सब चुम्बनों के एवज में
जो वह देता रहा मुझे जिन्दगी भर



१३.

कवि देखा है मैंने परी तुममें
कवि देखा है, तुम्हारी सहेली ने तुममें
कवि देख रहे हैं हम सभी तुममें परी
हम क्यों मरे उनके लिए, जो
नहीं जी सकते हमारे लिए..
तुम बुझ गई मोमबत्ती की तरह
तुम झड़ गई फूल की तरह
किन्तु तुम्हारी सुगन्ध
फैल रही है दुनिया में..